1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 16, 2025, 9:32:52 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शिकारपुर थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में रविवार रात पंचायत के दौरान एक बेटे ने अपने ही पिता की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी है। मृतक चंद्रशेखर साह उर्फ जक्शन साह (65) अपने बेटों राधाकांत साह और राजकिशोर साह के साथ संपत्ति विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत में बैठे थे। लेकिन बातचीत बिगड़ने पर मामला इतना बढ़ गया कि बेटे ने ही पिता की जान ले ली।
इस घटना के पीछे चंद्रशेखर साह और उनके बेटों के बीच लंबे समय से चल रहा जमीन और घर का विवाद था। इस मसले को सुलझाने के लिए गांव में पहले भी दो बार पंचायत हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। रविवार रात में तीसरी बार पंचायत बुलाई गई, जहां माहौल और तनावपूर्ण हो गया। बताया जाता है कि राधाकांत साह के इशारे पर उनके भाई राजकिशोर साह ने अपने पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चंद्रशेखर साह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राजकिशोर घटनास्थल से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, बेतिया भेज दिया। पुलिस ने राधाकांत साह को गिरफ्तार कर लिया है और फरार आरोपी राजकिशोर साह की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह विवाद लंबे समय से परिवार को तोड़ रहा था, लेकिन किसी ने ऐसी भयानक घटना की कल्पना नहीं की थी। गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।