1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Mon, 02 Feb 2026 02:41:31 PM IST
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बड़ी ख़बर भोजपुर जिले आ रही है, जहां जिले अंतर्गत पीरो अनुमंडल क्षेत्र के नगर परिषद स्थित वार्ड संख्या 16 में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराये के कमरे से एक युवा शिक्षक का शव बरामद किया गया। घटना के बाद शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय सौरभ कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज बाजार के निवासी थे और नवीनगर स्थित तार मध्य विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। सौरभ अपने अनुशासन, मेहनती स्वभाव और पढ़ाई के प्रति समर्पण के कारण छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
जानकारी के अनुसार, सौरभ पीरो थाना क्षेत्र में श्रीराम सिंह के मकान में किराये पर रह रहे थे। सोमवार की सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर कमरे के अंदर से शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सभी इस घटना से स्तब्ध नजर आए।
सहयोगी शिक्षकों के अनुसार, सौरभ बेहद शांत, अनुशासित और अपने कार्य के प्रति गंभीर थे। वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय परीक्षा को लेकर काफी मेहनत कर रहे थे। विद्यालय में उनका व्यवहार सरल और छात्रों के प्रति सहयोगात्मक था।
परिजनों ने किसी प्रकार के पारिवारिक विवाद या तनाव से इंकार किया है। बताया जा रहा है कि सौरभ अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन प्रयागराज से पीरो के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले सामानों की भी पड़ताल की जा रही है।