1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 06, 2025, 5:32:15 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Cyber Crime in Bihar: मोतिहारी की साइबर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो चर्चित आईपीएस अधिकारियों के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ठगी कर रहे थे। कार्रवाई उस समय तेज़ हुई जब इन साइबर अपराधियों ने मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश की।
जैसे ही इस बात की जानकारी मोतिहारी साइबर थाना को मिली, एक विशेष जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की तहकीकात शुरू की। जांच में दो आरोपियों की पहचान हुई, जो राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले हैं। इसके बाद साइबर पुलिस की टीम ने राजस्थान पहुंचकर दोनों आरोपियों अभिनव मैसी और आरिफ खान को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर ने बताया कि ये दोनों आरोपी राजस्थान निवासी हैं और ये चर्चित आईपीएस अधिकारियों के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ठगी करते थे। ये लोग सोशल मीडिया पर सस्ते सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने कई बैंकों के एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, चेकबुक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।