1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 27, 2025, 3:40:31 PM
- फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा घटना नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एनएच-20 किनारे स्थित न्यू दुखी होटल के पास गुरुवार देर रात सिगरेट नहीं देने पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
होटल संचालक आशीष के मुताबिक, रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच चार युवक होटल पहुंचे और सिगरेट की मांग की। संचालक द्वारा सिगरेट नहीं होने की जानकारी देने पर युवकों ने उनके भाई का नंबर लिया और फोन पर बातचीत कर वहां से चले गए लेकिन रात लगभग 12:00 बजे बदमाश दोबारा लौटे और होटल के पास एक राउंड फायरिंग की।
इसके बाद करीब 12:30 बजे फिर से आए और दो राउंड और फायरिंग की। होटल संचालक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चार युवक पहले होटल में आते हैं और संचालक से बातचीत करते हैं। दूसरी फुटेज में एक बदमाश हाफ पैंट और टी-शर्ट में दिखाई दे रहा है जो पिस्टल से फायरिंग कर रहा है।
इस घटना को लेकर सोहसराय थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और केस दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है। बताते चलें कि इसी सप्ताह सोमवार को भी हिलसा थाना क्षेत्र के वरुण तल बाजार में सिगरेट को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक दुकान पर गोलीबारी की थी, जिसमें एक ग्राहक घायल हो गया था।