1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Fri, 20 Feb 2026 08:56:44 PM IST
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Police News: पटना में बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान सात अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इन अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर परीक्षा पास की थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभ्यर्थियों में रणबीर कुमार (लखीसराय), राजेश कुमार (सारण-छपरा), आलोक कुमार (अरवल), अमित कुमार (औरंगाबाद), रितेश सिंह (गाजीपुर), रंजन कुमार (जमुई) और गौतम कुमार (लखीसराय) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी आरोपियों ने लिखित परीक्षा में दूसरे व्यक्तियों को बैठाया था। लिखित परीक्षा में सफल घोषित होने के बाद ये स्वयं शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने पहुंचे, जहां से पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेज, फोटो और बायोमेट्रिक डेटा का मिलान किया गया। इसी प्रक्रिया में गड़बड़ी पकड़ी गई, क्योंकि लिखित परीक्षा के रिकॉर्ड से डेटा मेल नहीं खा रहा था। संदेह होने पर जांच टीम ने अभ्यर्थियों से कड़ी पूछताछ की, जिसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सॉल्वर गैंग की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में अब तकनीकी निगरानी और सख्त कर दी गई है। लिखित परीक्षा की फोटो और बायोमेट्रिक डेटा का दोबारा मिलान किया जा रहा है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में ऐसी धांधली पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रहे खुलासों के बाद जांच तेज कर दी गई है और पुलिस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है।