Bihar Politics: बिहार में क्राइम कंट्रोल को लेकर हो रही सियासत पर चिराग पासवान ने जताई चिंता, शराबबंदी की समीक्षा पर क्या बोले?

Bihar Politics: वैशाली दौरे पर चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर की जा रही राजनीति पर चिंता जताई है. उन्होंने शराबबंदी कानून की समीक्षा और राहुल गांधी को मिली धमकी पर दिया बयान दिया है.

1st Bihar Published by: Munna Khan Updated Fri, 20 Feb 2026 07:10:31 PM IST

Bihar Politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar Politics: वैशाली पहुंचे केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के चीफ चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई है। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को धमकी, शराबबंदी कानून की समीक्षा, एआई समिट विवाद और राज्यसभा सीटों को लेकर बड़ा बयान दिया है।


चिराग पासवान ने कहा कि राज्य में होने वाली हर आपराधिक घटना सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय है। विपक्ष भले ही इस पर राजनीति करे, लेकिन सरकार की प्राथमिकता है कि अपराध की घटनाएं घटें ही नहीं। गृह मंत्री द्वारा स्थानीय प्रशासन को और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी वाले वीडियो पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन किसी भी नेता को इस तरह की धमकी देना गलत है। उन्होंने कहा कि कड़े से कड़ा विरोध भी मर्यादित भाषा में किया जा सकता है और इस तरह की भाषा बोलने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


शराबबंदी कानून की समीक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि यह कानून सामाजिक सुधार की सोच के साथ लाया गया था और उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी इसका समर्थन किया था। लेकिन अब यह जरूरी है कि इसकी समीक्षा की जाए और देखा जाए कि क्या कानून अपने उद्देश्य में पूरी तरह सफल हुआ है या नहीं। अवैध शराब, जागरूकता की कमी और पारंपरिक रूप से जुड़े लोगों की आजीविका जैसे मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा की जरूरत है।


एआई समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी से जुड़े विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश की छवि प्रभावित हुई है और सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है। जरूरत पड़ने पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं राज्यसभा सीट को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी मां रीना पासवान सक्रिय राजनीति में नहीं आना चाहती हैं और वह उनके फैसले का सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए गठबंधन बिहार की सभी पांचों राज्यसभा सीटें जीतने में सफल रहेगा।