1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 19, 2025, 11:14:52 AM
पटना में बेखौफ हुए बदमाश - फ़ोटो reporter
Patna Crime News: बड़ी खबर पटना से आ रही है, जहां अपराधियों ने राजधानी के सबसे पॉश इलाके में फायरिंग की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। बदमाशों ने बिहार सरकार के मंत्री और हाई कोर्ट के जज के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है।
दरअसल, राजधानी के सबसे वीवीआईपी इलाके में गुरुवार सुबह अपराधियों ने बेखौफ होकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। मंत्री अशोक चौधरी के सरकारी आवास के ठीक नजदीक एक युवक को लूटपाट के दौरान गोली मार दी गई। यह वारदात उस इलाके में हुई है जहां कई मंत्रियों और वरीय अधिकारियों के आवास स्थित हैं।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह वारदात इस लिहाज से बेहद गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह राजधानी के उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में हुई है।
घटना ने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि पुलिस की मौजूदगी और गश्त पर भी गंभीर संदेह उत्पन्न कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना