1st Bihar Published by: Vikramjeet Updated Mar 05, 2025, 4:07:16 PM
- फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बिहार में बेखौफ हो चुके अपराधी एक के बाद एक लोगों को अपनी गोली का निशाना बना रहे हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद अपराध की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटना हाजीपुर से सामने आई है, जहां बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला को गोली मार दी। इस घटना के बाद पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
दरअसल, हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के जितन चौक पर अपराधों का दुस्साहस देखने को मिला है, जहां दिनदहाड़े अपराधियों ने घर में घुसकर एक महिला को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है और घायल महिला को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने पहले आवाज देकर घर में मौजूद युवक को घर से बाहर बुलाया और इसके बाद पीने के लिए पानी मांगा। युवक जैसे ही पानी लाने घर के अंदर गया, इसी दौरान सभी चार अपराधी घर के अंदर घुस गए और अंदर से घर के दरवाजे को लॉक कर दिया। इसके बाद लूटपाट की घटना को घर में अंजाम देने लगे।
विरोध करने पर युवक को हथियार के बट से मारकर घायल कर दिया। इस दौरान वहां से जान बचाकर भाग रही काम करने वाली महिला को बदमाशों ने गोली मार दी। महिला की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर सिंघाड़ा निवासी टेनी राय कि पत्नी सुलेखा देवी के रूप में हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के छानबीन में जुट गई है और अपराधियों को जल्द ही पकड़ लेने का दावा किया है।