1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 20, 2025, 2:21:52 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Crime News: बिहार के जहानाबाद में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसके चलते एसपी विनीत कुमार ने घोसी थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर विनय सिंह, सिपाही नीरज कुमार और चौकीदार ब्रजेश कुमार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक आरोपित के पुलिस कस्टडी से फरार हो जाने के मामले में की गई है।
जानकारी के अनुसार, 16 जून को घोसी थाना के समीप स्थित एसबीआई बैंक से रुपए निकालकर लौट रही सुजातपुर गांव निवासी एक महिला से बाइक सवार दो उचक्कों ने 2.82 लाख की छिनतई कर ली थी। भागने के दौरान एक आरोपी ओडिशा निवासी चंदन राऊत को स्थानीय लोगों ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया था।
आरोपी को पहले जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया। पीएमसीएच में इलाज के दौरान वह हथकड़ी खिसकाकर पुलिसकर्मियों को चकमा देते हुए फरार हो गया। उसकी निगरानी में तीनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने अपराधी के पुलिस अभिरक्षा से फरार हो जाना बेहद गंभीर लापरवाही माना और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन लेते हुए दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा कर दी है।