बिहार में बड़ी चोरी: ज्वेलर्स की दो दुकानों से 21 लाख के सोना-चांदी के जेवरात ले उड़े शातिर चोर, व्यापारियों में आक्रोश

Bihar Crime News: मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स की दो दुकानों से करीब 21 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। घटना से व्यापारियों में दहशत और पुलिस के प्रति नाराजगी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sat, 07 Feb 2026 12:12:07 PM IST

Bihar Crime News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गोपाल चौक पर अज्ञात चोरों ने दो ज्वेलर्स दुकानों में सेंधमारी कर करीब 21 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। यह वारदात शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि चोरी की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे।


जानकारी के अनुसार, चोरों ने माधोपुर गोपाल चौक स्थित इंडियन बैंक के नीचे संचालित एक ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने तिजोरी को तोड़ते हुए उसमें रखे लगभग 16 लाख रुपये के सोना और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। 


यह दुकान शंकर सरैया कसवा टोला निवासी टुनटुन साह की है। टुनटुन साह ने बताया कि शुक्रवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह मकान मालिक शिव महतो ने उन्हें दुकान का ताला टूटा होने की सूचना दी, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ।


इसी चौक पर स्थित ध्रुव साह की एक अन्य ज्वेलर्स दुकान में भी चोरों ने सेंधमारी की। इस दुकान से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है। दुकानदार ध्रुव साह ने बताया कि उनकी दुकान में यह दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।


लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। व्यवसायियों का कहना है कि चौक पर बैंक और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी