Bihar Crime News: बिहार में कारोबारी की हत्या के बाद भारी बवाल, गुस्साए लोगों ने गाड़ी में लगाई आग, इलाके में तनाव

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में एक कबाड़ व्यवसायी की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में बवाल मच गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपी के घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 24, 2025, 10:15:45 AM

Bihar Crime News

- फ़ोटो reporter

Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मझौलिया एनएच-28 पर बुधवार देर रात अपराधियों ने एक कबाड़ व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गोबरसही निवासी मोह गुलाब के रूप में हुई है, जो पास ही में कबाड़ का कारोबार करता था।


घटना उस वक्त हुई जब मोह गुलाब दुकान से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें गोली मार दी गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक के शव को मझौलिया एनएच-28 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इसके चलते मुजफ्फरपुर-पटना और समस्तीपुर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।


भीड़ में शामिल लोगों ने आरोपित मोहम्मद बादल उर्फ बादल के घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजनों ने मोहल्ले के ही मोहम्मद बादल पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि घटना की जड़ बच्चों के बीच हुए आपसी विवाद में थी, जिसके बाद यह गंभीर रूप ले लिया।


एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित के घर के बाहर कई गाड़ियों में आगजनी की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है, वहीं घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस कैंप कर रही है।