1st Bihar Published by: SONU Updated Feb 17, 2025, 2:43:19 PM
अपराधियों के हौसले बुलंद - फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बैखौफ हो चुके अपराधी किसी भी वारदात को अंजाम देने से परहेज नहीं कर रहे हैं। ताजा मामला नवादा से सामने आया है, जहां एक बदमाश ने बैंक में घुसकर मैनेजर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले आंख में मिर्ची पाउडर झोंका और बाद में चाकू से वार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, नवादा शहर के पार नवादा स्थित यूनियन बैंक में एक युवक ने बैंक मैनेजर अभय कुमार सिंह को चाकू मारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। युवक ने पहले चेंबर में घुसकर मैनेजर की आंख में मिर्ची पाउडर झोंका और उसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
बैंक मैनेजर के चिल्लाने पर बैंक के अन्य कर्मी वहां पहुंचे और युवक को वहां मौजूद की मदद से धर दबोचा। साथ ही साथ चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। घटना की सूचना के बाद सदर एसडीपीओ बुंदेलखंड थाना की पुलिस एवं नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
वहीं जख्मी बैंक मैनेजर अभय कुमार सिंह का नवादा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया है जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी का जांच कर रही है। युवक ने बैंक मैनेजर को चाकू क्यों मारी पुलिस इसका पता लगाने में जुड़ गई है।