1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 17, 2025, 4:01:39 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो AI
Bihar Crime News: पटना सिविल कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया एक कैदी मंगलवार को हथकड़ी की रस्सी काटकर फरार हो गया। इस घटना ने एक बार फिर कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फरार कैदी की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो फुलवारी जेल में बंद था और पटना के बुद्धा कॉलोनी थाने में दर्ज एक मामले में पेशी के लिए लाया गया था।
पुलिस टीम ने इस घटना की जानकारी पीरबहोर थाने को दी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह करीब 10:45 बजे कैदी को सिविल कोर्ट लाया गया था। पेशी से पहले उसने शौच जाने की बात कही। उसे शौचालय ले जाया गया, जहां वह हथकड़ी सहित अंदर गया। इसी दौरान उसने चुपचाप हथकड़ी की रस्सी काट दी और शौचालय की खिड़की से भाग निकला।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे करीब 20 मिनट तक हाथ में रस्सी पकड़े खड़े रहे। जब उन्हें शक हुआ कि रस्सी ढीली हो गई है, तब उन्होंने भीतर जाकर देखा, तो खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी और कैदी फरार था। घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाना प्रभारी अब्दुल हलीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि विकास कुमार पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र स्थित रानी तालाब का निवासी है। फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।