1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 22, 2025, 8:17:42 PM
पूरा नेटवर्क जल्द होगा बेनकाब - फ़ोटो REPOTER
PATNA: राजधानी पटना के प्रतिष्ठित पारस अस्पताल में दिनदहाड़े गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।
एसएसपी के मुताबिक, घटना के समय अस्पताल के बाहर खड़े छठे अपराधी की भी पहचान कर ली गई है। पुलिस की जांच में कई और लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं, जिसके चलते गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आगे और बढ़ सकती है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने साफ किया कि यह घटना आपसी गैंगवार का नतीजा है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि चंदन मिश्रा की हत्या किसके इशारे पर कराई गई। उन्होंने कहा कि इस दिशा में भी जांच जारी है और जल्द ही पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जाएगा।
इस मामले में एक बड़ी कार्रवाई भोजपुर जिले में हुई, जहां पुलिस ने बलवंत सिंह समेत दो अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें कड़ी सुरक्षा में इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटना पुलिस इस हत्याकांड को सुलझाने के लिए लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर लिया जाएगा।