1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 17, 2025, 2:35:08 PM
हत्या की वारदात से सनसनी - फ़ोटो google
Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना के रहमतगंज स्थित श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नींबू पानी बेचने वाले एक युवक की तीन अज्ञात बदमाशों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। इस दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान रहमतगंज निवासी सरयुग चौधरी के बेटे राजेश कुमार के रूप में हुई है। वह मंदिर परिसर के पास नींबू पानी का ठेला लगाता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन युवक पहले उसके पास आए, नींबू पानी पिया, फिर उसका कॉलर पकड़कर सिर में सटाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मंदिर की ओर दौड़े, लेकिन हमलावर तब तक भाग चुके थे। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नभ वैभव सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
युवक की हत्या से उसका पूरा परिवार सदमे में है। हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में सनसनी पैल गई है। स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।