Patna Crime News: पटना में लाखों की डकैती, आधा दर्जन बदमाशों ने कागज कारोबारी के घर को बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों ने 35 लाख की डकैती की है। कैश और कीमती गहने लेकर हथियार लहराते डकैत फरार हो गये। भीषण डकैती की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। इस घटना के बाद पीड़ित कागज कारोबारी काफी सदमें में हैं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 15, 2025, 4:34:56 PM

BIHAR POLICE

पटना सिटी में डकैती - फ़ोटो GOOGLE

PATNA CRIME NEWS: बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं यही कारण है कि वे एक के बाद एक क्राइम की वारदात को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना इलाके का है जहां आधा दर्जन बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया और डकैती की घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित अमृत इंटरप्राइजेज पेपर रोल के मालिक उदय मेहता के घर में घुसे आधा दर्जन बदमाशों ने हथियार के बल पर डकैती की घटना को अंजाम दिया। शुक्रवार की रात करीब 8 बजे की घटना है। बदमाशों ने घर के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया और इस घटना को अंजाम दिया। कितने की डकैती हुई है इसका पता अभी नहीं चल सका है। पुलिस पीड़ित कारोबारी से पूछताछ कर रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। इलाके के लोग पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 


कागज कारोबारी उदय मेहता के घर में डकैत करीब आधे घंटे तक तांडव मचाते रहे। डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से हथियार लहराते फरार हो गये। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पटना एसएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पटना सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि लाखों की डकैती हुई है। अपराधियों को चिन्हित करने के लिए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पटना से प्रिंस की रिपोर्ट..