1st Bihar Published by: Ranjan Kumar Updated Feb 16, 2025, 4:30:49 PM
पत्नी ने कराई पति की हत्या - फ़ोटो google
Bihar Crime News: रोहतास के दिनारा थाना क्षेत्र में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पत्नी ने ही अपने प्रेमी से पति की हत्या करा दी और शव को ठिकाने लगवा दिया। घटना दिनारा थाना क्षेत्र की है।
बिक्रमगंज के एसडीपीओ कुमार संजय ने बताया कि अभिषेक की लाश नहर से बरामद की गई है। इस संबंध में पुलिस ने अभिषेक की पत्नी तथा उसके हत्यारे संजय गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है मृतक अभिषेक राय तथा संजय गुप्ता एक ही मकान में अलग-अलग कमरे में रहते थे। जिस कारण दोनों में जान पहचान भी हो गई।
इसी बीच संजय गुप्ता और अभिषेक की पत्नी सीमा में प्रेम संबंध हो गया। अभिषेक राय की पत्नी सीमा देवी ने अपने पति की हत्या की साजिश रची और अपने प्रेमी संजय के माध्यम से उसकी हत्या करवा दी। एसडीपीओ ने बताया कि पहले तो संजय गुप्ता ने अभिषेक को शराब पिलाया, बाद में उसकी गला रेत दी। उसके बाद भी जब अभिषेक की मौत नहीं हुई तो एक बांस के फट्टे से उसके गले को दबाकर उसे मौत के घाट उतारा गया तथा शव को चौसा केनाल नहर में फेंक दिया गया।
इस वारदात के बाद खुद मृतक की पत्नी सीमा देवी और उसका प्रेमी संजय गुप्ता थाने पर अपहरण की आशंका जताते हुए आवेदन लेकर पहुंच गए लेकिन मृतक के भाई संतोष राय ने पुलिस के समक्ष आशंका व्यक्त किया कि संजय गुप्ता ने ही उसके भाई को कहीं गायब कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। इसी बीच अभिषेक राय की लाश नहर से बरामद हो गई।
जब पुलिस ने संजय गुप्ता से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बयां कर दी। इसके पुलिस ने मृतक की पत्नी सीमा देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। मृतक अभिषेक सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इंद्रहियां का रहने वाला था जबकि हत्यारा संजय गुप्ता सदर पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी सरॉदा का निवासी है और दिनारा में आकर व्यवसाय कर रहा था।