1st Bihar Published by: Ranjan Kumar Updated Feb 15, 2025, 3:53:36 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Crime News: खबर सासाराम से है, जहां अगरेर थाना के तेंदुआ का रहने वाले विशाल कुमार ने अपने ही अपहरण तथा हत्या की अफवाह फैलाकर परिजनों तथा पुलिस को पिछले चार दिनों में खूब परेशान किया। पुलिस की दबिश के बाद आखिरकार वह वापस घर लौट आया।
दरअसल, अगरेर के तेंदुआ का रहने वाला विशाल कुमार न सिर्फ खुद के अपहरण की अफवाह फैलाई बल्कि कफन खरीदकर खुद अपने शरीर पर लपेट लिया और मृतक की तरह फोटों खिंचवा कर अपने परिजनों को भेज दिया। इतना ही नहीं उसने अपनी बहन के मोबाइल पर यह संदेश भेजवाया कि उसके भाई विशाल की गलती से हत्या हो गई है। शव जूनागढ़ के पहाड़ पर पड़ा हुआ है।
जिसके बाद परिजनों ने अगरेर थाना की पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विशाल कुमार पैसे निकालने बैंक गया हुआ था और उसके बाद गायब हो गया है। जिसके बाद रोहतास पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर मामले की तहकीकात शुरू की। जिसमें कथित अपहृत विशाल कुमार का लोकेशन झारखंड के टाटानगर होने की जानकारी मिली। पुलिस ने एक विशेष टीम को टाटानगर भेजा।
पुलिस का दबाव बढ़ने लगा तो विशाल अंततः घर वापस आ गया। एसडीपीओ -2 ने बताया कि विशाल की बहन की शादी होनी है। जिसके लिए परिजन उसे पैसे की व्यवस्था करने को कह रहे थे। बहन की शादी में पैसा नहीं देना पड़े, इसी को लेकर विशाल ने खुद के अपहरण तथा हत्या की अफवाह फैलाई है।