1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 03, 2025, 10:22:55 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो REPOTER
SITAMARHI: सीतामढ़ी के मेहसौल थाना क्षेत्र के कारगिल चौक स्थित शिव मंदिर के पीछे राजोपट्टी में गुरुवार की शाम आपसी विवाद के दौरान एक इंटर का छात्र गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र की पहचान सहियारा थाना क्षेत्र के मौदह गांव वार्ड नंबर 10 निवासी विजय महतो के 17 वर्षीय पुत्र सुशील कुमार के रूप में की गई है, जो इंटर में साइंस का छात्र है और कोचिंग की तैयारी के लिए सीतामढ़ी में किराए पर रह रहा था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को उसके साथियों ने रिंग बांध स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर वरुण कुमार ने बताया कि उसे सिर के बाएं हिस्से में गोली लगी है और उसकी स्थिति गंभीर है। उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ रामकृष्ण और मेहसौल थानाध्यक्ष फैराज हुसैन दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है, वहीं छात्र के साथियों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आपसी विवाद को लेकर गोली चलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।