1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated Jul 22, 2025, 8:02:56 PM
विक्षिप्त को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा - फ़ोटो GOOGLE
SITAMARHI: सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को बच्चा चोर समझकर गांव वालों ने दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। ग्रामीणों की पिटाई से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो से पिटाई करने वालों की पहचान की जा रही है।
उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों से खून बहता देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन अफवाहों के चलते लोगों ने उसकी बात सुने बिना ही हमला कर दिया। फिलहाल घायल युवक का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सवाल यह उठता है क्या बच्चा चोरी की अफवाहें अब भीड़ को कानून से ऊपर कर चुकी हैं? बताया जाता है कि पिछले साल भी ऐसी अफवाहों के चलते मॉब लिंचिंग की घटनाएं हुई थीं। इस तरह की घटनाएं एक सभ्य समाज को शोभा नहीं देती है।