1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 25, 2026, 2:30:16 PM
अनोखा विवाह बना चर्चा का विषय - फ़ोटो सोशल मीडिया
DESK: शादी का सीजन अक्सर भव्य और अनोखे समारोहों के लिए जाना जाता है, लेकिन तेलंगाना के कामारेड्डी जिला में हाल ही में हुई एक शादी ने दुर्लभ संयोग की नई मिसाल पेश कर दी। यहां घनपुर गांव के जुड़वां भाइयों विजय और विनय ने देमी कलां गांव की जुड़वां बहनों कीर्तना और कीर्ति के साथ एक ही मंडप में सात फेरे लिए। इस डबल ट्विन वेडिंग ने न केवल स्थानीय लोगों को चौंकाया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा बटोरी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों भाई और दोनों बहनें हू-ब-हू एक जैसे दिखते हैं। शादी के वायरल वीडियो में चारों पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे मंच पर एक-दूसरे के बगल में बैठे नजर आए। उनकी समानता इतनी अधिक थी कि कई मेहमान रस्मों के दौरान दूल्हों और दुल्हनों में फर्क करने में उलझन महसूस कर रहे थे।
शुरुआत में यह समारोह एक निजी पारिवारिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया था, लेकिन खबर फैलते ही यह पूरे जिले में आकर्षण का केंद्र बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण नवविवाहित जोड़ों को देखने के लिए पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले इतनी अनोखी शादी शायद ही कभी देखी हो।
सोशल मीडिया पर भी इस शादी को लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने देखने को मिलीं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “गंभीर सवाल: ये एक-दूसरे के पार्टनर की पहचान कैसे करेंगे?” वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “मुझे तो अलमारी में अपने मोजों की जोड़ी नहीं मिलती, ये लोग कैसे कर लेते हैं!” किसी ने इसे “स्वर्ग में बना चमत्कार” तक करार दिया। वाकई, यह शादी न केवल दो परिवारों का मिलन थी, बल्कि एक ऐसा अद्भुत संयोग भी, जिसने सभी को हैरान कर दिया। वर-वधू को सामने देख गेस्ट भी कन्फ्यूज रह गये कि कौन विजय है और कौन विनय, कौन कीर्तना है और कौन कीर्ति...