1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 29, 2025, 1:19:36 PM
- फ़ोटो google
Operation Mahadev: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश था, जिसमें आतंकियों ने धर्म पूछकर 26 पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस जघन्य हमले के बाद भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू किया था।
इस बीच संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर चल रही चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 'ऑपरेशन महादेव' के तहत पहलगाम हमले में शामिल तीन आतंकियों को मार गिराया गया है। मारे गए आतंकियों में सुलेमानी शाह, अफगान और जिब्रान शामिल हैं। सुलेमानी शाह लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य था और उसे हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा था।
गृह मंत्री ने बताया कि पहलगाम में हमले के बाद सेना ने लगातार घाटी में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुख्ता इनपुट मिलने पर सेना ने जंगलों में छिपे आतंकियों की पहले ड्रोन से पहचान की और फिर राष्ट्रीय राइफल्स और 4 पैरा यूनिट की संयुक्त टीम ने मुलनार इलाके में इन्हें टारगेट किया। यह मुठभेड़ सुबह 11 बजे शुरू हुई थी, जिसमें भीषण गोलीबारी के बाद तीनों आतंकी मारे गए।
शाह ने बताया कि मुठभेड़ के बाद चंडीगढ़ एफएसएल को भेजे गए कारतूसों और हथियारों की रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि यही वही गोलियां और हथियार हैं, जो पहलगाम हमले में इस्तेमाल किए गए थे, जिनमें AK-47 और M9 कारतूस भी शामिल हैं। गृह मंत्री ने साफ किया कि आतंक के खिलाफ लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है और सरकार आतंकवाद के हर रूप का मुंहतोड़ जवाब देगी।