1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 16, 2025, 7:27:29 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो Google
Traffic Challan: वाहन मालिकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने 31 दिसंबर 2021 तक लंबित चालानों को माफ करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से राज्य भर में करीब 12.93 लाख वाहन मालिकों को लाभ मिलेगा। विभाग ने इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जो आगामी 30 दिनों में पूरी कर ली जाएगी।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, चालान माफी का यह फैसला उन मामलों पर लागू होगा, जो या तो अदालत में लंबित हैं या समयसीमा समाप्त हो जाने के कारण अदालती प्रक्रिया में नहीं भेजे गए हैं। हालांकि, टैक्स संबंधित चालान, गंभीर अपराध, दुर्घटनाओं और आईपीसी से जुड़े मामलों को इस छूट से बाहर रखा गया है।
विभाग ने बताया कि चालान माफी के इस निर्णय का उद्देश्य आम जनता को अनावश्यक परेशानियों से राहत देना है। कई वाहन मालिक चालानों के बोझ के कारण अपने वाहन बेच या ट्रांसफर नहीं कर पा रहे थे। कुछ मामलों में तो गाड़ियों पर एक से दो लाख रुपये तक का चालान लंबित था।
अब वाहन मालिक फिटनेस, परमिट, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और ट्रांसफर से जुड़ी प्रक्रियाएं आसानी से पूरी कर सकेंगे। विभाग ने बताया कि चालान स्थिति की जांच अब ऑनलाइन परिवहन पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2017 से 2021 के बीच कुल 30.52 लाख ई-चालान जारी किए गए थे, जिनमें से 17.59 लाख का निस्तारण पहले ही किया जा चुका है। शेष 12.93 लाख चालान अब माफ किए जा रहे हैं, जिनमें से 10.84 लाख अदालतों में और 1.29 लाख कार्यालय स्तर पर लंबित थे। परिवहन विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट अपने डैशबोर्ड पर प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया है।