Hindi News / news / असम में बड़ा हादसा, ईंट-भट्ठा ब्लास्ट में दो बिहारी मजदूरों की मौत, कई...

असम में बड़ा हादसा, ईंट-भट्ठा ब्लास्ट में दो बिहारी मजदूरों की मौत, कई घायल

1st Bihar Published by: Updated Dec 03, 2022, 1:50:16 PM

असम में बड़ा हादसा, ईंट-भट्ठा ब्लास्ट में दो बिहारी मजदूरों की मौत, कई घायल

- फ़ोटो

DESK : खबर असम से है, जहां चिमनी गिरने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में दो लोग बिहार के बताये जा रहे हैं। दोनों मजदूर बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले हैं। मृतकों में एक बाप जबकि दूसरा बेटा शामिल है। असम में एक ईंट-भट्ठा में ब्लास्ट हुआ था, जिसमें 5 मजदूरों की जान चली गई। घटना की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई है। 




मृतक बिहार के खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के रहने वाले पिता और बेटे हैं। वहीं खगड़िया जिले के ही चार लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं खगड़िया के मृतकों के शव उनके घर लाने के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई गयी है। मृतकों की पहचान खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के बछौता पंचायत के वार्ड नं 14 के स्व शनिचर पासवान के बेटे 60 साल के मदनी पासवान और मदनी पासवान के 27 साल के बेटे सुनील कुमार के रूप में हुई है। 




घटना से जुड़ी जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक़ असम के काछार जिले के सिलचर क्षेत्र में एक ईंट भट्टे पर कई मजदूर काम करते थे। कल यानी शुक्रवार को यहां जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसमें आधे दर्जन से ज्यादा मजदूर चपेट में आ गए। इस घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो लोग बिहार के खगड़िया जिले के हैं, जो कुछ ही दिन पहले काम के लिए असम गए थे। दोनों पिता और बेटा हैं।