1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated Apr 11, 2023, 11:55:23 AM
- फ़ोटो
SITAMARHI: बड़ी खबर सीतामढ़ी से आ रही है, जहां एक पुलिस वैन हादसे की शिकार हो गई है। सड़क दुर्घटना में पुलिस वैन पर सवार एक दारोगा की मौत हो गई है जबकि कई जवान घायल हो गए हैं। सभी घायल जवानों को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सीतामढ़ी जेल से भागलपुर सेंट्रल जेल कैदी को छोड़कर वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ है। घटना भागलपुर के परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित विक्रमशिला पहुंच पथ की है।
बताया जा रहा है कि सीतामढ़ी जेल से भागलपुर सेंट्रल जेल में कैदी को छोड़कर लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी हादसे की शिकार हो गई। जैसे ही पुलिस टीम विक्रमशिला पहुंच पथ पर पहुंची तेज गति से आ रहे हाईवा ने पुलिस की गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक एसआई की मौत हो गई जबकि चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे में मौत के शिकार हुए एसआई की पहचान सतीश कुमार के रूप में की गई है जो सीतामढ़ी जिला पुलिस में तैनात थे।
सभी घायल जवानों को इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल जवानों में चंदन पासवान, बादल राज, जयराम तिवारी और विजय सिंह शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़े पुलिस अधिकारी घायल जवानों का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे हैं। उधर, दारोगा की मौत के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।