Hindi News / news / बिहार : मामूली बात पर दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट...

बिहार : मामूली बात पर दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट में 20 लोग बुरी तरह घायल

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 11, 2024, 4:49:49 PM

बिहार : मामूली बात पर दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट में 20 लोग बुरी तरह घायल

- फ़ोटो

NAWADA : नवादा में मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप धारण कर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब 20 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घटना भदौनी स्थित शाह टोला की है।


बताया जा रहा है कि नगर के सद्भावना चौक पर एक युवक अपनी नई ई-रिक्शा लेकर खड़ा था और सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक अन्य ई-रिक्शा चालक ने उसकी ई-रिक्शा में जान-बूझकर ठोकर मार दी। जिसके बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।


दोनों रिक्शा चालक एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों के बीच मारपीट की जानकारी उनके गांव तक जा पहुंची। जिसके बाद दोनों पक्ष के लोग लाठी-डंडा और अन्य हथियारों के साथ आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। मारपीट में दोनों पक्षों के करीब 20 लोग घायल हो गए हैं।


घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और मारपीट में घायल हुए सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया दिया है। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच भारी तनाव है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।