1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 21, 2024, 7:00:53 AM
- फ़ोटो
PATNA : बिहार में वैसे तो मॉनसून की एंट्री के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है। लेकिन, गर्मी से बुरी तरह तप रहे पटना, आरा, बक्सर, गया, जहानाबाद समेत कई जिलों में बारिश ने मौसम को पलट दिया है। तपती-चुभती-जलती गर्मी की जगह ठंडी हवाओें के झोंके ने ले ली है।
वहीं उत्तर बिहार के किशनगंज में जबरदस्त बारिश हुई। इसके अलावा सारण, सिवान, वैशाली, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से मॉनसून की पुष्टि का इंतजार है।
मौसमविदों के मुताबिक पटना समेत कई जिलों में हुई बरसात प्री मॉनसून की बारिश है। हालांकि आईएमडी ने खबर लिखे जाने तक इस बारे में आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की थी कि बिहार में मॉनसून प्रवेश कर चुका है।
लेकिन जो लक्षण दिख रहे हैं, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बिहार में मौसम की रानी मानसून की एंट्री हो चुकी है। वहीं देर रात से सुबह तक हुई बारिश के बाद आखिरकार शहरी घरों में चल रहे एसी-कूलर को आराम मिल गया।
उधर, दक्षिण बिहार के जिलों पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल में 21 से 25 जून तक कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। जबकि भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जमुई में 21 से 23 जून तक कुछ जगहों पर और फिर 24-25 जून को अनेक स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है।