1st Bihar Published by: Updated Oct 26, 2022, 1:10:28 PM
- फ़ोटो
GOPALGANJ: बड़ी खबर गोपालगंज से आ रही है, जहां पुलिसकर्मियों से भरी नाव गंडक नदी में पलट गई है। नाव हादसे में डूबने से एक पुलिस जवान की दर्दनाक मौत हो गई है। जादवपुर के राजवा गांव में शराब तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम नाव पर सवार होकर गई थी। इसी दौरान गंडक नदी में यह हादसा हो गया। नाव पलटने के बाद कुछ पुलिसकर्मी तो तैरकर बाहर आ गए लेकिन एक जवान की डूबने से मौत हो गई।
हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ नदी के पास जमा हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी पहुंचे और गोताखोरों की मदद से जवान के शव को बरामद कर लिया। नाव पर सवार अन्य पुलिसकर्मियों ने तैरकर अपनी जान बचा ली जबकि एक जवान गहरे पानी में डूब गया। हादसे के शिकार हुए जवान की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है। 36 वर्षीय राजेश कुमार डीएपी पुलिस बल का जवान था। वह गया के डोभी निवासी मोहन ठाकुर का बेटा था। उसकी तैनाती यादोपुर थाना में हुई थी।
गंडक नदी में हुए नाव हादसे पर सीएम नीतीश ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपनी शोक संवेदना में हादसे के शिकार हुए सिपाही राजेश कुमार के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है।