1st Bihar Published by: Updated Jan 03, 2023, 6:53:34 AM
- फ़ोटो
PATNA : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज बिहार दौरे पर आ रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बिहार दौरा बेहद खास माना जा रहा है और इसे लेकर पहले से ही सुबह की सियासत गरमाई हुई है। जेपी नड्डा के बिहार दौरे को 2024 के मिशन से जोड़कर देखा जा रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के सामने 2024 के लोकसभा चुनाव का ब्लूप्रिंट रखने वाले हैं। इसके लिए पार्टी ने पूरी तैयारी कर रखी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल के मुताबिक जेपी नड्डा के आने से बिहार में ना केवल संगठन को मजबूती मिलेगी बल्कि 2024 के लिए विजन भी स्पष्ट होगा।
पटना पहुंचने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लोकतंत्र की जननी कहे जाने वाले वैशाली की धरती पर पहुंचेंगे। दोपहर 12:30 बजे वैशाली के पारो हाई स्कूल मैदान में लोकसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं। इसके बाद हाई स्कूल में ही वह एक बैठक को भी संबोधित करेंगे। इस बैठक में बूथ लेवल के अध्यक्षों के अलावे पन्ना प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में बताएंगे कि आखिर 2024 में भारतीय जनता पार्टी बिहार के अंदर कैसे 40 लोकसभा सीटों पर दमदार प्रदर्शन कर सकती है। इसके बाद वापस लौटेंगे और पटना से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के पहले पार्टी ने हर स्तर पर बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को बिहार में तैयार कर रखा है। पार्टी के महत्वपूर्ण नेता पिछले 2 दिनों से इस पर मंथन कर रहे हैं। बीजेपी का मिशन बिहार में 40 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने की है। 2019 में भारतीय जनता पार्टी ने अपने गठबंधन के अंदर 40 में से 39 सीटों पर जीत हासिल की थी लेकिन तब नीतीश कुमार और रामविलास पासवान जैसे मजबूत साथी बीजेपी के पास थे लेकिन अब बदली हुई परिस्थितियों में बीजेपी के लिए या प्रदर्शन दोहराना आसान नहीं होगा। यही वजह है कि बीजेपी अभी से ही लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। बीजेपी की नजर खासतौर पर पूर्णिया, गया, झंझारपुर, वैशाली, किशनगंज, कटिहार, सुपौल, मुंगेर जैसी सीटों पर है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष दो दिनों तक बूथ लेवल कार्यकर्ताओं के सामने ब्लूप्रिंट डिस्कस कर चुके हैं। लोकसभा स्तर के संयोजक भी नियुक्त किए जा चुके हैं और अब बारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की है।