1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated Jun 01, 2022, 7:33:03 PM
- फ़ोटो
SITAMARHI: सीतामढ़ी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जहां भीषण सड़क हादसे में बीजेपी विधायक की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। इस घटना में बीजेपी विधायक डॉ. मिथिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये है।
उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल विधायक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मधुबनी के सकरी थाना क्षेत्र की है जहां इस घटना से अफरा-तफरी मच गयी। इस हादसे में उनका बॉडीगार्ड भी घायल हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि एक यात्री बस से विधायक की तेज रफ्तार कार टकरा गयी। जिसमें मिथिलेश कुमार सहित उनके बॉडीगार्ड भी गंभीर रूप से घायल हो गये। विधायक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में विधायक का एक हाथ टूट गया है।
कटिहार से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से लौट रहे सीतामढ़ी के नगर विधायक मिथिलेश कुमार की तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी सकरी थाना क्षेत्र के नवादा कट के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पारकर दूसरे ओर चली गई और बस से टकरा गई। जिसमें विधायक मिथिलेश कुमार सहित तकरीबन आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सकरी बाजार के रामशीला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। विधायक के घायल होने की जानकारी के बाद अस्पताल के बाहर काफी संख्या में भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



