1st Bihar Published by: First Bihar Updated Dec 08, 2024, 2:42:39 PM
- फ़ोटो
DELHI: दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां काफी बढ़ गई है। पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप करने का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है। दोनों दल पोस्टर के जरिए एक-दूसरे को कमियां उजागर करने में जुट गए हैं।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एस पोस्टर जारी किया था। इस पोस्टर में आप सरकार में हुए कथित घोटालों का जिक्र करते हुए केजरीवाल की तस्वीर शेयर की थी। इस तस्वीर में केजरीवाल का आधा चेहरा स्पाइडर मैन जैसा दिखाया गया है, जबकि उनके चारों तरफ घोटालों का मकड़जाल दर्शाया गया है।
फोटो के साथ कैप्शन में लिखा गया, ‘केजरीवाल के घोटालों का मकड़जाल’। इसके साथ ही शराब घोटाला, मोहल्ला क्लीनिक, हवाला, सिक्योरिटी, राशन, पैनिक बटन, शीशमहल, दवाई, दिल्ली जल बोर्ड, क्लासरूम और सीसीटीवी घोटाले का जिक्र किया गया। बीजेपी की तरफ से जारी किए गए इस पोस्टर के बाद आम आदमी पार्टी ने भी पोस्टर जारी कर बीजेपी पर पुष्पा स्टाइल में पलटवार किया है।
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया एक्स पर दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का एक पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर में अरविंद केजरीवाल पुष्पा स्टाइल में दिख रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल के हाथ में झाड़ू देकर लिखा, ‘फिर आ रहा है केजरीवाल’। वहीं पोस्टर में लिखा गया है, ‘केजरीवाल झुकेगा नहीं’। आम आदमी पार्टी के इस पोस्टर को जारी करने के बाद केजरीवाल के पुष्पा स्टाइल की चर्चा तेज हो गई है।