1st Bihar Published by: Updated Dec 26, 2019, 3:38:05 PM
- फ़ोटो
RANCHI : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रांची नहीं पहुंच रहे हैं। झारखंड के सीएम पद की शपथ लेने जा रहे हेमंत सोरेन ने ही इसकी जानकारी दी है। लालू यादव से रिम्स में मुलाकात करने पहुंचे हेमंत सोरेन ने बताया कि व्यस्त कार्यक्रमों की वजह से पीएम मोदी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे।
बता दें कि हेमंत सोरेन बुधवार को दिल्ली में थे जहां उन्होनें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के लिए समय मांगा था। उम्मीद जताई जा रही थी कि हेमंत पीएम को शपथग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता देंगे। इसी के मद्देनजर उन्होंने पीएमओ से मुलाकात के लिए समय मांगा था। बुधवार को दिल्ली में हेमंत सोरेन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी शपथग्रहण में आने का न्योता देंगे। हालांकि उनकी मुलाकात पीएम से नहीं हो सकी थी। बुधवार को ही उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात कर शपथग्रहण में शामिल होने का न्योता दिया था।
इस बीच हेमंत सोरेन ने रांची के रिम्स पहुंच कर आरजेडी सुप्रीमो से मुलाकात की है। उन्होनें सीएम पद की शपथ लेने से पहले लालू यादव का आशीर्वाद लिया है।इस दौरान दोनों के बीच सरकार गठन को लेकर चर्चा हुई। साथ ही हेमंत सोरेन ने लालू प्रसाद की स्वास्थ्य की भी जानकारी ली। हेमंत सोरेन के शपथग्रहण में लालू प्रसाद के शामिल होने की संभावना नहीं दिख रही है। मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि शपथग्रहण से पहले आरजेडी सुप्रीमो का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।