1st Bihar Published by: Updated Dec 23, 2021, 8:37:27 AM
- फ़ोटो
DESK : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी को बड़ी सौगात दे रहे हैं. पीएम मोदी आज 23 दिसंबर को वाराणसी के करखियांव में गुजरात के बनासकांठा जिला दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड की बनास डेयरी का शिलान्यास करने के साथ ही जिले के 2100 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न योजनाओं की सौगात देंगे.
काशी को करोड़ों रूपये की सौगात देने से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा कि मेरे संसदीय क्षेत्र के साथ पूरे उत्तर प्रदेश के लिए कल का दिन विकास कार्यों को समर्पित रहेगा. वाराणसी में दोपहर करीब 1 बजे कई परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का सौभाग्य प्राप्त होगा. इनसे राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ ही किसान भाई-बहनों को भी लाभ होगा.
वहीं बीजेपी के महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने आज बताया कि प्रधानमंत्री अपने इस दौरे पर 2100 करोड़ की 25 परियोजनाओं की सौगात काशी को देंगे. इसमें करखियांव में डेयरी संयंत्र का शिलान्यास, बेनियाबाग में पार्किंग और इंट्रीग्रेटेड सर्विलांस सिस्टम सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण शामिल है.
बनास डेयरी के चैयरमैन शंकरभाई चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे. चौधरी ने बताया कि इस प्रकल्प से वाराणसी, जौनपुर, मछलीशहर, चंदौली, भदोही, गाजीपुर, मिर्जापुर और आजमगढ के 1000 गांवों के किसानों को लाभ होगा. किसानों को उनके दूध के बदले 8000 से 10,000 रुपये प्रतिमाह तक मूल्य मिलेगा.