1st Bihar Published by: Updated Jun 10, 2022, 9:49:36 PM
- फ़ोटो
SAMASTIPUR: समस्तीपुर में पोस्टमार्टम के नाम पर एक पीड़ित पिता से 50 हजार रुपए की मांग किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर बना हुआ है। आरजेडी के बाद अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी के जिलाध्यक्ष से इसकी रिपोर्ट मांगी है। अब कांग्रेस की जिला इकाई मामले की जांच कर राहुल गांधी को रिपोर्ट सौंपेगी।
पूरे मामले पर समस्तीपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष अबू तमीम ने बताया कि राहुल गांधी के कार्यालय से उन्हें फोन आया था और उनसे इस घटना की जानकारी मांगी गई है। राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस जिला कमेटी मामले की जांच कर इसकी रिपोर्ट राहुल गांधी को भेजेगी। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था और मामले की रिपोर्ट मांगी थी।
बता दें कि मानवता को शर्मसार कर देने वाली यह घटना समस्तीपुर के ताजपुर में सामने आई थी, जहां बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराने गये एक पिता से सदर अस्पताल में 50 हजार रुपए की मांग की गयी थी। गरीबी से लाचार बाप अपने बेटे का पोस्टमार्टम के लिए भीख मांगने तक को मजबुर हो गया था। भिक्षाटन का वीडियो वायरल होने के बाद सरकार की खूब किरकिरी हुई थी। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश में लगे हैं।