1st Bihar Published by: First Bihar Updated Dec 05, 2023, 10:34:04 AM
- फ़ोटो
DESK: हैरान कर देने वाली खबर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आ रही है, जहां एक स्कूली छात्र ने डेस्क पर जय श्रीराम क्या लिख दिया उसको लेकर भारी बवाल हो गया। छात्र के जय श्रीराम लिखने से क्लास रूम में मौजूद शिक्षिका ने अपना आपा खो दिया और छात्र के मुंह पर व्हाइटनर उढ़ेल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग पहुंच गए और जमकर बवाल काटा।
दरअसल, गाजियाबाद के थाना मसूरी इलाके में स्थित होली ट्रिनिटी मिशनरी स्कूल में पढ़ने वाले 7वीं के छात्र इशांत चौहान के साथ शिक्षिका ने सिर्फ इसलिए बर्बरता की क्योंकि इशांत ने स्कूल की डेस्क पर जय श्रीराम लिख दिया था। आपे से बाहर हुई शिक्षिका ने पूरे क्लास के सामने न सिर्फ इशांत को अपमानित किया बल्कि उसके मुंह पर व्हाइटनर उढ़ेल कर उसके साथ बर्बरता दिखाई।
स्कूल की छुट्टी होने के बाद इशांत घर पहुंचा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। छात्र के मुताबिक शिक्षिका ने पहले उसके मुंह पर व्हाइटनर डाला और बाद में एक घंटे तक उसे क्लासरूम में बैठाए रखा। बाद में आरोपी टीचर ने छात्र के चेहरे को थिनर से साफ कराया लेकिन छात्र के चेहरे पर जलन हो रही थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और हिंदू संगठन के लोग स्कूल पहुंचे और आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। नाराजगी को बढ़ता देख स्कूल प्रबंधन ने महिला टीचर बर्खास्त कर दिया।