1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 07, 2025, 11:11:45 AM
- फ़ोटो reporter
Bihar Budget Session 2025: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज छठा दिन है। आज भी सदन के भीतर भारी हंगामे के आसार है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा के बाहर विपक्षी सदस्यों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और इस दौरान वहां से गुजर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पोस्टर दिखाए।
दरअसल, बिहार विधानसभा में सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ने रणनीति बनाई है। गुरुवार को दोनों सदनों की कार्यवाही खत्म होने के बाद महागठबंधन विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में महागठबंधन के सभी दलों के दोनों सदनों के सदस्य शामिल हुए। बैठक में सरकार को विधानसभा के भीतर औऱ बाहर घेरने की रणनीति तय की गई।
आज विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही एकसाथ हो रही है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधान सभा के गेट पर महागठबंधन के विधायकों ने हाथ में पोस्टर लेकर नारेबाजी की। इसी बीच सीएम नीतीश कुमार विधानसभा पहुंचे। सीएम के पहुंचते ही विपक्ष के विधायकों ने हंगामा तेज कर दिया और मुख्यमंत्री को पोस्टर दिखाए। सीएम ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया और विधानसभा के भीतर चले गए।