1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 20, 2025, 12:13:19 PM
- फ़ोटो reporter
Bihar Budget Session 2025: बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर विधान परिषद के बाहर और भीतर विपक्षी सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया है। सदन के भीतर अपराध के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की है। इससे पहले सदन के बाहर विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्ष के सदस्यों ने हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और क्राइम कंट्रोल को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
बढ़ते अपराध पर सरकार को घेरते हुए विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी ने कहा कि राज्य में चोरी, डकैती, हत्या और लूट की घटनाएं हर दिन हो रही हैं। राज्य के हर जिले में अपराधी तांडव मचा रहे हैं लेकिन सरकार के पास लॉ एंड ऑर्डर को संभालने की शक्ति नहीं है। होली के दौरान दो दिन के भीतर 22 लोगों की हत्या कर दी गई।
राज्य में गरीब लड़कियों के साथ रेप की घटनाएं लगातार हो रही हैं लेकिन इस सरकार को इससे कोई मतलब नहीं है। सिर्फ कागजी खानापूर्ति की जा रही है और जमीन पर कोई काम नहीं किया जा रहा है। पूरे बिहार में महाजंगल राज हो गया है। बीजेपी द्वारा नीतीश कुमार को शेर बताने पर राबडी ने कहा कि अगर नीतीश कुमार शेर हैं तो बिहार की बेटियों की इज्जत बचाकर दिखाएं।