Bihar Politics: चुनाव से पहले JDU को बड़ा झटका, इस पार्टी में शामिल होंगे ये पूर्व विधायक; नीतीश-लालू को बताया थका हुआ नेता

Bihar Politics: नवादा के पूर्व जेडीयू विधायक कौशल यादव ने आरजेडी में शामिल होने की घोषणा कर बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने नीतीश कुमार और लालू यादव को थका हुआ नेता बताया और युवाओं को आगे लाने की बात कही।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 20, 2025, 8:17:44 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो google

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जेडीयू को बड़ा झटका लगा है। नवादा से जेडीयू के पूर्व विधायक कौशल यादव ने शुक्रवार को खुले मंच से आरजेडी में शामिल होने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि दो-तीन दिनों में वे पार्टी जॉइन करने की तिथि तय करेंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वे नवादा सभी पांच विधानसभा सीटें जीतकर तेजस्वी यादव को सौंपने का लक्ष्य लेकर चलेंगे।


कौशल यादव ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव दोनों अब थक चुके हैं और अब समय युवाओं का है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जो लोग तेजस्वी और लालू यादव को बदनाम करते हैं, उन्हें अपने साथ नहीं लिया जाएगा।


पूर्व विधायक ने दावा किया कि वे हर जाति और समाज को साथ लेकर चलेंगे और आरजेडी में शामिल होने के बाद नवादा में कोई गलत निर्णय नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लालू और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में वे विकास और न्याय के साथ आगे बढ़ेंगे।


कौशल यादव बीते 20 वर्षों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाते थे। उन्होंने अपने पुराने मित्र और पूर्व एमएलसी सलमान रागीव मुन्ना का मुद्दा भी उठाया। यादव ने आरोप लगाया कि मुन्ना ने विधानसभा चुनावों में नीतीश कुमार को हजारों वोट दिलवाए, लेकिन एमएलसी चुनाव में साजिश कर उन्हें हराया गया। 


उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने पर सवाल उठाना गलत है, जबकि मुस्लिम समुदाय का बड़ा समर्थन जेडीयू को इन्हीं नेताओं के चलते मिला। इसके साथ ही कौशल यादव ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने महादलित परिवारों के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ 4 किलो चावल में सीमित कर दिया गया है, जिससे वे भूखे रहने को मजबूर हैं।