1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 09, 2026, 7:02:09 PM
- फ़ोटो Google
UPSC Result: संघ लोक सेवा आयोग ने पिछले दिनों यूपीएससी परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी किया था। रिजल्ट जानी होने के बाद आरा की रहने वाली आकाक्षां सिंह ने दावा किया था कि उन्होंने 301 रैंक हासिल किया है और अब आईआऱएस अधिकारी बनने जा रही हैं हालांकि मीडिया में खबर आने के बाद यूपी के गाजीपुर की रहने वाली दूसरी आकांक्षा सिंह ने ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती के दावे को खारिज किया था और दावा किया था कि यूपीएससी परीक्षा में उन्होंने 301वां रैंक हासिल किया है। अब इसपर संघ लोक सेवा आयोग का जवाब आया है।
दरअसल, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के 2025 सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम नतीजों में 301वां रैंक लेकर गाजीपुर और आरा की आकांक्षा सिंह के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। खबर फैली कि 301 रैंक पर रणवीर सेना के मुखिया ब्रह्मेश्वर सिंह की पोती आरा वाली आकांक्षा सिंह हैं हालांकि बाद में गाजीपुर की हमनाम आकांक्षा सिंह ने सोशल मीडिया पर यूपीएससी में 301वां रैंक लाने की जानकारी साझा की।
दोनों उम्मीदवार रोल नंबर 0856794 के साथ अपना चयन दावा कर रही थीं, जिससे यह स्पष्ट करना मुश्किल हो गया था कि असली चयनित उम्मीदवार कौन है। आरा की आकांक्षा सिंह ने प्रिलिम्स का एडमिट कार्ड मीडिया को दिखाया, जबकि गाजीपुर वाली आकांक्षा ने इंटरव्यू का समन साझा किया था। क्यूआर कोड के अनुसार गाजीपुर वाली आकांक्षा का पलड़ा भारी लग रहा था।
अब यूपीएससी ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। यूपीएससी का कहना है - "सिविल सेवा परीक्षा, 2025 का अंतिम परिणाम 06.03.2026 को घोषित कर दिया गया है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में दो उम्मीदवारों, आकांक्षा सिंह, के नाम से यह दावा किया जा रहा है कि उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा, 2025 के अंतिम परिणाम में एक ही रैंक 301 प्राप्त की है।
इस संबंध में, यह स्पष्ट किया जाता है कि आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार, सिविल सेवा परीक्षा (मुख्य), 2025 के अंतिम परिणाम में रैंक 301 प्राप्त करने वाली सफल उम्मीदवार आकांक्षा सिंह, रैंक 301, रोल नंबर 0856794, ग्राम अभैपुर, गाजीपुर, उत्तर प्रदेश हैं। ऐसे में अब साफ हो गया है कि 301 रैंक के साथ यूपी के गाजीपुर निवासी आकांक्षा सिंह ही असली सफल उम्मीदवार हैं जबकि आरा की रहने वाली ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह का दावा झूठा साबित हो गया है।
