1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 09, 2026, 6:36:37 PM
- फ़ोटो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता के खिलाफ थाने में तहरीर देकर उनकी सातवीं शादी रुकवाने की गुहार लगाई है। बेटे का आरोप है कि उसके 55 वर्षीय पिता पहले ही छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी में लगे हुए हैं।
नाबालिग बेटे के अनुसार, उसके पिता ने अब तक कुल छह शादियां की हैं। उसने बताया कि उसकी मां से पिता ने तीसरी शादी की थी। उससे पहले भी दो शादियां हो चुकी थीं और बाद में भी उन्होंने कई बार विवाह किया। बेटे का कहना है कि पिता की छठी शादी साल 2024 में हुई थी।
बेटे ने बताया कि छठी शादी के बाद उनकी पत्नी कुछ दिनों तक घर में रहीं। इसके बाद वह जमीन अपने नाम कराने की मांग करने लगीं। जब पिता ने जमीन उनके नाम नहीं की, तो उन्होंने जेवर की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि जब उन्हें जेवर भी नहीं मिला, तो वह घर छोड़कर कहीं चली गईं।
नाबालिग का कहना है कि अब उसके पिता सातवीं शादी करने की तैयारी में लगे हुए हैं और इसके लिए कुछ लोगों से संपर्क भी कर चुके हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि पिता ने शादी के लिए बची हुई जमीन बेचने की कोशिश शुरू कर दी है और इसके लिए किसी व्यक्ति से 50 हजार रुपये एडवांस भी ले चुके हैं।
बेटे के मुताबिक, उसके पिता पहले ही आधे से ज्यादा जमीन गिरवी रख चुके हैं और परिवार पर काफी कर्ज भी है। उसने बताया कि पिता द्वारा लिया गया कर्ज कई बार उसे मजदूरी करके चुकाना पड़ा है।
नाबालिग ने बताया कि वह फिलहाल 12वीं कक्षा का छात्र है। उसके अनुसार, पिता ने उसे पढ़ाई छोड़कर कमाने के लिए मजबूर कर दिया था। अभी वह बाहर काम कर रहा था और 12वीं की परीक्षा देने के लिए घर लौटा है। इसी दौरान उसे पिता की सातवीं शादी की तैयारी की जानकारी मिली।
बेटे का कहना है कि वह मेहनत-मजदूरी करके पिता का कर्ज चुकाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद पिता एक और शादी करने के लिए तैयार बैठे हैं। इसी कारण उसने थाने में तहरीर देकर शादी रुकवाने की मांग की है।
हालांकि, बेटे का आरोप है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। वहीं गांव के प्रधान ने भी इस मामले को सही बताते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति पहले भी कई शादियां कर चुका है और गांव में यह बात लोगों को पता है।
इस संबंध में अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद पिता को समझाने का प्रयास किया जाएगा और आगे जो भी आवश्यक होगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।