1st Bihar Published by: KHUSHBOO GUPTA Updated Apr 17, 2025, 9:50:38 AM
'देश देख लिया है 20 साल...नहीं चलेंगे चचा नीतीश'...चुनावी साल में बिहार में जारी है 'पोस्टर पॉलिटिक - फ़ोटो First Bihar
Bihar Politics: बिहार में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। जिसे लेकर सभी राजनीतिक दल एक-दूसरे के ऊपर प्रहार करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहती है। सियासी आरोप-प्रत्यारोप के बीच बिहार में पोस्टर पॉलिटिक्स भी जारी है। एक बार फिर राजधानी पटना की सड़कों पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ पोस्टर लगाये गये हैं।
बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से पटना की सड़कों पर सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ पोस्टर लगाये गये हैं। पोस्टर में लिखा गया है - देख लिया है 20 साल...नहीं चलेंगे चचा नीतीश। इसके साथ ही बिहार में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को भी लेकर पोस्टर में नीतीश कुमार के खिलाफ हमला बोला गया है।
पोस्टर में अपराध, भ्रष्टाचार, असुरक्षित महिलाएं, बेरोजगारी और पलायन को लेकर सीएम नीतीश कुमार को टारगेट किया गया है। वहीं पोस्टर को लेकर जेडीयू की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। जेडीयू प्रवक्ता अरविंद निषाद ने कहा है कि 'चाचा नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक देश ने और बिहार ने यह देखा है कि नेहरू-गांधी परिवार इस देश पर थोप दिये जाते हैं।' उन्होंने कहा कि 'नेहरू-गांधी परिवार के किसी व्यक्ति को इस देश की जनता पसंद नहीं कर रही है ना आगे करेगी। बिहार और देश की जनता कांग्रेस को गद्दी नहीं सौपेंगी।' निषाद ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी निश्चिंत रहें सीएम नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे।
आपको बता दें कि, इससे पहले आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने भी नीतीश कुमार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि 'पोस्टर लगाने से कोई सीएम नहीं बनता है। आने वाले दिनों में बीजेपी..नीतीश कुमार की राजनीति तो फिनिश कर देगी। जेडीयू को बीजेपी से डर लग रहा है। मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को नकार दिया है। जनता की पहली पसंद तेजस्वी यादव ही हैं।'