1st Bihar Published by: Ajit Kumar Updated Mar 28, 2026, 3:15:53 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: जहानाबाद समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद उनकी निगरानी में विधिवत मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
मतदान में जिला परिषद के कुल 13 सदस्यों में से 11 सदस्य उपस्थित हुए और सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे पहले जिला परिषद अध्यक्ष रानी कुमारी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान हुआ, जिसमें सभी 11 मत वैध पाए गए और सभी ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इसके साथ ही रानी कुमारी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया और उन्हें पद से हटा दिया गया।
इसके बाद उपाध्यक्ष संगीता देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया। इसमें 11 सदस्यों ने मतदान किया, जिसमें 1 मत अवैध घोषित हुआ और 10 मत वैध पाए गए। वैध मतों में से 9 मत अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में और 1 मत पक्ष में पड़ा। इस प्रकार संगीता देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया गया और वह अपने पद पर बरकरार रहीं।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान जिला पदाधिकारी के साथ मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रीति, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुजीत कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी राजीव कुमार समेत सभी संबंधित अधिकारी और जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे।