1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Dec 14, 2025, 6:21:25 PM
- फ़ोटो Google
Nitin Nabin: बिहार की नीतीश सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा आलाकमान ने उन्हें पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस फैसले के साथ ही पार्टी ने एक बार फिर संगठनात्मक संतुलन और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है।
नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में वे नीतीश सरकार में पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा बिहार भाजपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। पिता के आकस्मिक निधन के बाद नितिन नबीन ने राजनीति में कदम रखा।
भाजपा में कायस्थ समाज के प्रमुख चेहरे माने जाने वाले नितिन नबीन की संगठन में मजबूत पकड़ रही है। वे भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उनकी छवि एक साफ-सुथरे और गैर-विवादित नेता की रही है, जिसे देखते हुए पार्टी ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को पटना में हुआ था। उनकी शिक्षा दिल्ली में हुई। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा ने जेपी आंदोलन से राजनीति की शुरुआत की थी और 2005 में 55 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया था। उस समय नितिन नबीन मात्र 26 वर्ष के थे।
कम उम्र में पिता को खोने के बाद भी नितिन नबीन ने हिम्मत नहीं हारी और राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का फैसला किया। वर्ष 2006 में पिता के निधन से खाली हुई पटना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया।
वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद पटना पश्चिम का नाम बदलकर बांकीपुर विधानसभा हो गया। इसके बाद 2010 से 2025 तक हुए चारों विधानसभा चुनावों में नितिन नबीन लगातार बांकीपुर सीट से जीत दर्ज करते आए हैं। हाल के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजद की रेखा कुमारी को करीब 51 हजार मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।
नितिन नबीन को पहली बार फरवरी 2021 में नीतीश कैबिनेट में शामिल किया गया था। हाल ही में राज्य में नई सरकार के गठन के बाद उन्हें दोबारा मंत्री बनाया गया। फिलहाल वे पथ निर्माण विभाग के साथ-साथ नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।


