1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 04, 2026, 1:01:26 PM
- फ़ोटो Reporter
Nishant Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले हैं। इसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की चर्चा तेज हो गई है, जिससे बिहार के अगले सीएम फेस को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच जेडीयू ने पटना सहित कई जगहों पर नए पोस्टर लगाकर सियासी हलचल बढ़ा दी है।
इन पोस्टरों में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को ‘फ्यूचर सीएम’ के तौर पर पेश किया गया है। पोस्टर में लिखा है—“नीतीश सेवक, मांगे निशांत। अब नए चेहरे पर क्यों करें विचार, जब क्लाइमेट लीडर के संकल्पों को पूरा करने के लिए तैयार हैं, भाई निशांत कुमार।” पोस्टर में नीतीश कुमार और निशांत कुमार दोनों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। जेडीयू के भीतर लगातार निशांत कुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठ रही है।
इससे पहले भी लगे पोस्टरों में निशांत कुमार को ‘फ्यूचर CM ऑफ बिहार’ बताया गया था। वहीं, नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ने की अपील भी की गई थी। हालांकि अब नीतीश कुमार के राज्यसभा में शपथ लेने के कार्यक्रम के बाद सियासी स्थिति बदलती नजर आ रही है।
जेडीयू के कई नेता, जिनमें अनंत सिंह और आनंद मोहन शामिल हैं, खुलकर निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत कर रहे हैं। जब निशांत कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे थे, तब भी कार्यकर्ताओं ने उन्हें सीएम फेस के रूप में समर्थन दिया था।
वहीं, बीजेपी की ओर से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को समर्थन मिल रहा है। हालांकि एनडीए की तरफ से अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर जारी है।