1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 16, 2025, 7:35:47 AM
CM नीतीश कुमार - फ़ोटो file photo
Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रविवार को दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। अपने दिल्ली दौरे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं की गयी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि पीएम और सीएम के मुलाकात के बाद बिहार विधानसभा चुनाव की गहमागहमी तेज हो जायेगी।
दरअसल,केंद्रीय बजट में बिहार को जितना तरजीह मिला है, उसके लिए मुख्यमंत्री खासतौर पर पीएम का धन्यवाद करेंगे। इसके साथ ही बिहार के लिए कुछ लंबित परियोजना और आने वाले दिनों में और अधिक राशि केंद्र से लिये जाने पर भी बात करेंगे। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 24 फरवरी को भागलपुर जाने का कार्यक्रम है, जहां वे पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे। इसके साथ ही कई नयी परियोजनाओं का भी आधारशिला रख सकते हैं। जिससे आने वाले दिनों में एनडीए को चुनावी लाभ भी मिल सके।
इस मुलाकात में नीतीश कुमार के साथ भाजपा के शीर्ष नेता बात कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों का एक रोडमैप खीचेंगे। इस बातचीत में एनडीए के सभी घटकों के एक साथ चुनाव लड़ने और सीटों के एडजस्टमेंट पर भी बात हो सकती है। एनडीए में सबसे ज्यादा जोर शीट शेयरिंग को लेकर है। एक ओर जदयू जहां प्रतीकात्मक रूप से ही सही भाजपा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाह रही है।
वहीं भाजपा जदयू से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने के पक्ष में है। जदयू का तर्क जहां लोकसभा में भाजपा को ज्यादा सीट देने और विधानसभा में जदयू को ज्यादा सीट मिलने की पुरानी परंपरा और औचित्य को याद करा रही है, वहीं भाजपा इस फॉर्मूले पर असहज है। भाजपा का मानना है कि बिहार में भाजपा बड़ी पार्टी है, इसलिये उसे ज्यादा सीट मिलना चाहिए।