1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 30, 2025, 12:41:28 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Politics: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे हैं। पटना में विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में शामिल होने के बाद शाह आरजेडी चीफ लालू प्रसाद के गृह जिला गोपालगंज में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। शाह के दौरे को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। आरजेडी ने पटना में राबड़ी आवास के बाहर पोस्टर लगाकर शाह पर तंज किया है।
दरअसल, इस साल के अंत में बिहार में विधानसभा का चुनाव होना है। आगामी चुनाव को देखते हुए अमित साह मिशन बिहार पर पहुंचे हैं। अमित शाह आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद के गढ़ माने जाने वाले गोपालगंज से आज बिहार में चुनावी शंखनाद करने वाले हैं। गोपालगंज में आयोजित रैली में शाह लालू फैमिली और आरजेडी पर हमला बोलेंगे। शाह के दौरे को लेकर बिहार की सियासत गर्म है।
इसी बीच राबड़ी आवास के बाहर पोस्टर लगाकर शाह के दौरे पर निशाना साधा गया है। पोस्टर में केंद्र सरकार के वादों का जिक्र किया गया है और लिखा गया है कि... तुम तो ठहरे परदेसी, वादा कब निभाओगे। इसके साथ ही इस पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी दिखाया गया है और सीएम से कहा गया है कि वह अमित शाह से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की अपील करें।
राबड़ी आवास के बाहर लगाए गए पोस्टर में लिखा गया है कि, 15 लाख रुपया अकाउंट में कब आएगा, हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार कब मिलेगा, काला घन कब वापस आएगा, किसानों की आय कबतक दोगुनी होगी। पोस्टर में शाह की तस्वीर के नीचे लिखा गया है, बिहार में आपका स्वागत है, मगर फिर से ऐसा वादा मत कीजिएगा। बता दें कि आरजेडी नेता संजू कोहली की तरफ से यह पोस्टर लगाया गया है।
