1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 26, 2025, 4:46:58 PM
- फ़ोटो reporter
Bihar: राजद के द्वारा पटना के बापू सभागार में आयोजित युवा छात्र संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आज भोजपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों से हजारों छात्रों और युवाओं का काफिला सड़कों पर उतर पड़ा। सैकड़ों गाड़ियों के जत्थे में सवार छात्र युवा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।
काफिले को रवाना करते हुए युवा राजद के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने कहा आज भोजपुर के युवाओं की हुंकार राजधानी तक गूंजेगी। अब वक्त आ गया है कि युवा खुद आगे बढ़कर बिहार की राजनीति की दिशा तय करें।
बड़हरा के युवा नेता रामबाबू सिंह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार अब पूरी तरह फेल हो चुकी है। यह सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे सकती, किसानों को सम्मान नहीं दे सकती और गरीबों की आवाज नहीं सुन सकती। यही वजह है कि भोजपुर का युवा आज राजधानी पहुंचकर तेजस्वी यादव के हाथों को मजबूत करेगा।
वहीं जिला पार्षद भीम यादव ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नीतीश कुमार की सरकार छात्र विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। आज का यह छात्र काफिला इसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए निकला है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ही बिहार को दिशा मिल सकती है।
राजद के युवा छात्र संवाद को लेकर भोजपुर से इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का जुटान यह साबित करता है कि राज्य के युवा अब बदलाव के लिए तैयार हैं और आने वाले चुनाव में यह तय करेंगे कि बिहार का भविष्य तेजस्वी यादव के हाथों में सौंपा जाए।