1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 27, 2026, 5:20:21 PM
- फ़ोटो
आईपीएल 2026 से पहले महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हर सीजन की तरह इस बार भी फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या अब माही को आईपीएल से विदाई ले लेनी चाहिए या वह अभी भी खेलना जारी रख सकते हैं। इसी बीच योगराज सिंह का बयान इस बहस को नया मोड़ दे रहा है।
योगराज सिंह, जो कभी धोनी के सबसे बड़े आलोचकों में गिने जाते थे, अब उनके समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि धोनी को अभी रिटायर होने की कोई जरूरत नहीं है और वह आने वाले 10 साल तक भी आईपीएल खेल सकते हैं। उनके इस बयान ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
एक इंटरव्यू में योगराज सिंह ने कहा कि धोनी की फिटनेस आज भी शानदार है और वह अनुशासन और मेहनत के दम पर खुद को साबित कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “मैं आज भी उनकी कलाई देखता हूं, वह कमाल के खिलाड़ी हैं। उन्हें कौन कह सकता है कि अब रिटायर हो जाओ? क्रिकेट के लिहाज से उन्हें सलाम है।”
यह बयान इसलिए भी खास है क्योंकि पहले योगराज सिंह कई मौकों पर धोनी की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने अपने बेटे युवराज सिंह के करियर को लेकर भी धोनी पर सवाल उठाए थे। लेकिन अब उनका बदला हुआ रुख हर किसी का ध्यान खींच रहा है और यह चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, दूलरी तरफ धोनी के हालिया प्रदर्शन को लेकर सवाल भी उट रहे हैं। पिछले कुछ आईपीएल सीजन में वह घुटने की समस्या से जुघते नजर आए।
हालांकि, दूसरी तरफ धोनी के हालिया प्रदर्शन को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। पिछले कुछ आईपीएल सीजन में वह घुटने की समस्या से जूझते नजर आए हैं। बल्लेबाजी के दौरान वह अब निचले क्रम में आते हैं और लंबे समय तक क्रीज पर टिकना उनके लिए आसान नहीं होता। अक्सर वह आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी करते हुए कुछ ही गेंदों का सामना करते हैं।
धोनी की मौजूदगी चेन्नई सुपर किंग्स के टीम कॉम्बिनेशन को भी प्रभावित करती है। कई बार यह बहस होती है कि उनकी जगह किसी युवा खिलाड़ी को मौका मिलना चाहिए, ताकि टीम का संतुलन बेहतर हो सके। हालांकि टीम मैनेजमेंट और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।
फिर भी, धोनी का अनुभव और मैदान पर उनकी मौजूदगी टीम के लिए अब भी बेहद अहम मानी जाती है। वह सिर्फ एक खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक रणनीतिकार के रूप में भी टीम को दिशा देते हैं। विकेट के पीछे उनकी समझ और मैच पढ़ने की क्षमता आज भी उन्हें खास बनाती है।
हर साल की तरह इस बार भी यह सवाल बना हुआ है कि क्या यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन होगा। 44 साल की उम्र में भी वह मैदान पर उतरकर अपने खेल से फैंस को रोमांचित करते हैं।
एक ओर योगराज सिंह का मानना है कि धोनी अभी लंबे समय तक खेल सकते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी फिटनेस और प्रदर्शन को लेकर उठ रहे सवाल इस बहस को और दिलचस्प बना रहे हैं। फिलहाल इतना तय है कि आईपीएल 2026 में एक बार फिर सभी की नजरें माही पर टिकी रहेंगी और उनका हर फैसला चर्चा का विषय बनेगा।