1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 14, 2025, 4:46:34 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बड़ी खबर बिहार के औरंगाबाद से आ रही है, जहां तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने खूब बवाल काटा। गुस्साए लोगों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क पर आगजनी कर हंगामा मचाया। इस बीच ड्राइवर बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना रफीगंज-शिवगंज पथ के कियाखाप गांव के पास की है।
मृतक की पहचान सलैया थाना क्षेत्र के खजुवतिया गांव के रहने वाले पिंटू यादव के 8 साल के बेटे यीशु कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यीशु सड़क के किनारे खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने उसे रौंद डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो दिन पहले ही वह धर्मेंद्र यादव के घर आया था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना से नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी और सड़क पर आगजनी कर यातायात को बाधित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और करीब तीन घंटे बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हादसे के बाद फरार हुए बस ड्राइवर को तलाश कर रही है।