1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Sep 08, 2025, 10:32:30 PM
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन - फ़ोटो सोशल मीडिया
BEGUSARAI: बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री सुरेंद्र मेहता खुद मोटरसाइकिल चलाते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनके सिर पर हेलमेट नहीं है। खास बात यह है कि यह वीडियो खुद मंत्री ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किया था।
वीडियो पोस्ट करते समय मंत्री ने कैप्शन में लिखा, “गांव से लेकर शहर तक – बिहार अब बदलाव की रफ्तार पकड़ चुका है।” वीडियो में बैकग्राउंड में गाना बज रहा है – “तू दबंगों का दबंग तू, जीत लैला हर जंग…”।
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर नाराजगी
यह वीडियो बेगूसराय जिले का बताया जा रहा है। मंत्री के समर्थकों के बीच बाइक चलाते हुए उनका यह अंदाज कई लोगों को रास नहीं आया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने लिखा, “जब कानून बनाने वाले ही नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो जनता से क्या उम्मीद?” दूसरे ने तंज कसा, “मंत्री जी के लिए कोई चालान नहीं है क्या?”
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन
मोटर व्हीकल एक्ट 2019 के तहत, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन पर ₹1,000 तक का चालान और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई का प्रावधान है। बिहार पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा अभियान चला रही है और आम लोगों को हेलमेट पहनने की हिदायत देती है, लेकिन मंत्री के इस वीडियो ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
नेताओं से उम्मीदें
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेता जनता के लिए मिसाल पेश करें, लेकिन इस तरह के वीडियो गलत संदेश दे सकते हैं। अभी तक मंत्री या उनके कार्यालय की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बिहार दिवस समारोह में अनोखा नजारा: नीतीश के गुब्बारे जमीन पर गिरे, सम्राट चौधरी के उड़े आसमान में...
बिहार दिवस पर CM नीतीश को बधाई, JDU प्रदेश महासचिव ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात....दी शुभकामनाएं ...
पूर्व JDU नेता केसी त्यागी ने RLD का दामन थामा, दिल्ली में पार्टी चीफ जयंत चौधरी ने दिलाई सदस्यता...